केंद्रीय विद्यालय नंबर एक वायुसेना समेत देश के चुनिंदा 50 केंद्रीय विद्यालयों में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत संचालित बाल वाटिका का उद्घाटन बृहस्पतिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऑनलाइन किया। केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों के लिए किया गया।
इस दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से नव प्रवेशित छात्रों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, 21वीं शताब्दी के भविष्य की नींव रखी जा रही है।
देश के चुनिंदा 50 विद्यालयों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बाल वाटिका की शुरुआत की जा रही है। अगले साल से इसके अनुभवों के आधार पर देश भर में इसका प्रचलन किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य एसके श्रीवास्तव, उप प्रधानाचार्य केएन राम ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।