कौड़ीराम का मामला, धूप में लाइन में लगे थे श्याम नारायण
कौड़ीराम। गैस सिलिंडर लेने के लिए वितरण स्थल पर पहुंचे एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार को बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर के समीप आयोजित गैस वितरण स्थल की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एजेंसी संचालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
गोला रोड, कौड़ीराम निवासी श्याम नारायण पाठक (65) गैस सिलिंडर लेने के लिए वितरण केंद्र पहुंचे थे। बताया गया कि उन्हें तेज धूप में काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। सिलिंडर मिलने के बाद जैसे ही वह वहां से बाहर निकले, अचानक चक्कर आने से जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने गैस वितरण की मौजूदा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से होम डिलीवरी की व्यवस्था लागू किए जाने के बावजूद लोगों को सिलिंडर लेने के लिए घंटों धूप में खड़ा होना पड़ रहा है। इससे बुजुर्गों और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष भवनाथ राय ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी संचालक की मनमानी के कारण यह स्थिति बनी। उन्होंने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और संबंधित एजेंसी की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं गैस एजेंसी संचालक से मोबाइल फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं हो सकी।