रिहायसी इलाकों में न हो परेशानी इसलिए कर दिए थे आवाज कम
पिपराइच में बाबा मोटेश्वर नाथ का आज जलाभिषेक करेगा कांवड़ियों का जत्था
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सावन मास के चौथे सोमवार पर पिपराइच स्थित बाबा मोटेश्वर नाथ का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों का जत्था रविवार को सड़कों पर दिखा। इस दौरान कांवडिए डीजे की धुन पर थिरकते रहे, हालांकि इसके आवाज से कुछ राहत थी।
बड़हलगंज से सरयू का जल लेकर चला कांवड़ियों का जत्था रविवार दोपहर लगभग दो बजे पादरी बाजार चौराहे से पिपराइच की तरफ बढ़ता दिखा। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे था जिसके लिए कई बड़े साउंड बाक्स लगाए गए थे। भक्ति गानों पर कांवड़िए मगन थे। डीजे की आवाज थोड़ी कम थी, जिससे लोग राहत महसूस कर रहे थे। हालांकि आवाज की गूंज दूर तक सुनाई दे रही थी। कांवड़िए धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे।
पादरी चौराहे के पहले थोड़ा जाम लगा। बाजार में लगभग सौ मीटर तक गाड़ियों को रेंगकर जाना पड़ा। कांवड़ियों के साथ पुलिस नहीं दिखी। पादरी बाजार चौराहे पर मौजूद पुलिस ने कांविड़ियों को चौराहा पार करवाया। सोमवार को कांवड़िए पिपराइच में बाबा मोटेश्वर नाथ का जलाभिषेक करेंगे।