पुलिस की एंटी करप्शन टीम ने जमीन की पैमाइश के लिए 15 हजार रुपये घूस लेते कानूनगो तेज नारायण सिंह को मंगलवार दोपहर रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। तेज नारायण गोला तहसील में तैनात है। गिरफ्तारी के बाद टीम ने कानूनगो को गगहा पुलिस के हवाले कर दिया। कानूनगो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
तेज नारायण गोला तहसील में तैनात हैं। गिरफ्तारी के बाद टीम ने कानूनगो को गगहा पुलिस के हवाले कर दिया। कानूनगो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
मामखोर निवासी कंदर्प दुबे ने वर्ष 2019 में गगहा क्षेत्र के सखरूआ में 13 डिस्मिल जमीन बैनामा लिया था। जमीन की पैमाइश के लिए वह तहसील का चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि कानूनगो तेज नारायण ने जमीन की पैमाइश व फील्ड बुक तैयार करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की। बाद में मामला 15 हजार पर तय हुआ। इसके बाद कंदर्प ने एंटी करप्शन टीम को जानकारी दे दी।
टीम के बताए अनुसार, कंदर्प ने कानूनगो को रुपये देने के लिए मंगलवार दिन में करीब तीन बजे बड़हलगंज बाईपास पर बुलाया। टीम के लोग भी वहां सादी वर्दी में मौजूद थे। कंदर्प ने पांच-पांच सौ के नोट कानूनगो को दिए। कानूनगो के रुपये लेते ही टीम ने उसे दबोचा लिया।