गोरखपुर। समाज के अल्प और मध्यम आय वर्ग के लोगों को मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए मैरिज हाउस का किफायती विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में बशारतपुर में कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को दोपहर बाद इसका लोकार्पण करेंगे।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुख्यमंत्री की विधायक निधि से इसका निर्माण कराया है।
जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि वार्ड नंबर 80, राप्तीनगर के अंतर्गत बशारतपुर में 2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है। दो मंजिला भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित किया गया है। भूतल पर 225 लोगों की क्षमता वाला विशाल हाॅल बनाया गया है।
इसके अलावा किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम और महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है। प्रथम तल पर एक और हाॅल के साथ अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरों का निर्माण कराया गया है। इससे आयोजनों में आने वाले लोगों को ठहरने की सुविधा भी मिल सकेगी।
कल्याण मंडपम परिसर में मुख्य भवन के सामने आकर्षक फव्वारा बनाया गया है। वाहनों की सुविधा के लिए परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही परिसर में सुंदर लॉन विकसित करने के साथ फूल-पौधे लगाए गए हैं। कल्याण मंडपम के शुरू होने से विवाह, तिलक, मुंडन, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी। मध्यम आय वर्ग के परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थान किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेगा।