- कक्षा छह से 11वीं तक रिक्त सीटों पर होगा प्रवेश, आवेदन 20 फरवरी तक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से कक्षा छह, सात, आठ, नौ व 11वीं में रिक्त स्थानों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। यह जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय विशुनपुरा गौनर में कक्षा छह में 70, कक्षा सात में 10, कक्षा आठ में 10, कक्षा नौ में 12 तथा कक्षा 11 में 50 सीटों पर प्रवेश होगा। वहीं, जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय पतरा गोला में कक्षा छह में 70, कक्षा सात में आठ, कक्षा आठ में 12, कक्षा नौ में 22 तथा कक्षा 11 में 37 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा सर्वोदय बालिका विद्यालय सहजनवां में कक्षा छह में 70, कक्षा सात में सात, कक्षा आठ में पांच, कक्षा नौ में छह और कक्षा 11 में 70 सीटों पर छात्राओं का चयन किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन पत्र 20 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 15 मार्च को किया जाएगा। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों की सूची 23 मार्च को प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।