गोरखपुर। पिपराइच क्षेत्र के महमूदाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बीते मंगलवार को छात्राओं के बीमार होने के मामले में मेडिकल कॉलेज ग्रामीण उपकेंद्र के जेई दिनेश जायसवाल को बृहस्पतिवार काे निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता ग्रामीण प्रथम खंड केके राठौर ने की है।
जेई पर आरोप है कि मंगलवार सुबह कस्तूरबा विद्यालय में बिजली नहीं होने से पांच छात्राएं बीमार पड़ गई थीं। आरोप यह भी है कि यहां दो दिन तक बिजली नहीं रही और जेनरेटर भी नहीं चलाया गया। इस मामले में नया ट्रांसफाॅर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल न करने के मामले में जेई को निलंबित कर दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता ग्रामीण प्रथम खंड केके राठौर ने बताया कि आरोप पर जेई का निलंबन किया गया है। हालांकि संगठनों के आवेदन पर जांच की जाएगी।
इंजीनियर संगठन ने निलंबन वापस लेने की मांग की
निलंबित किए गए जेई के समर्थन में इंजीनियर्स संगठन उतर आया है। बृहस्पतिवार को संगठन के पदाधिकारियों ने बिजली वितरण मंडल प्रथम के अधीक्षण अभियंता केके राठौर से मुलाकात कर जेई के निलंबन वापस लेने की मांग की। संगठन के अध्यक्ष अमित यादव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज ग्रामीण उपकेंद्र के जेई दिनेश जायसवाल ने ट्रांसफाॅर्मर खराब होने की सूचना मिलने के बाद तत्काल उसकी जांच कराई। ट्रांसफाॅर्मर जलने की पुष्टि होने पर रविवार दोपहर करीब दो बजे ही कार्यशाला खंड को नया ट्रांसफाॅर्मर उपलब्ध कराने के लिए आवेदन भेज दिया गया था। उनका कहना है कि जेई ने अपनी जिम्मेदारी समय से निभाई, लेकिन कार्यशाला खंड से नया ट्रांसफाॅर्मर करीब 24 घंटे बाद उपलब्ध हो सका।