मोहद्दीपुर में वाहन का चालान करवाते एसपी ट्रैफिक।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर में जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को पुलिस-प्रशासन के इंतजामों से कुछ राहत मिली है। गोलघर, काली मंदिर, रेलवे, रामगढ़ताल की ओर अब लोग फर्राटे से आने-जाने लगे हैं। इसकी वजह है कि सड़कों से कब्जा हटवा दिया गया है, लेकिन अब भी कई ऐसी सड़कें हैं, जहां कब्जा है। सड़क के बीच में ही बिजली के खंभे और गर्डर लगे हुए हैं।
खासकर, मोहद्दीपुर, देवरिया बाईपास से लेकर रुस्तमपुर और बैंक रोड की सड़क का यह हाल है। इसे हटाने के लिए कमिश्नर ने निरीक्षण कर निर्देश दिए हैं, लेकिन बिजली निगम के अधिकारियों ने इसे संजीदगी से लिया ही नहीं। अगर ये अतिक्रमण हट जाए तो सड़क चौड़ी हो जाएगी और कहीं भी जाम नहीं लगेगा।
गोलघर में ई-रिक्शा व ऑटो पर प्रतिबंध लगाने के लिए तैनात ट्रैफिक पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
गोलघर में ई-रिक्शा व ऑटो जाने पर प्रतिबंध...अब गलियारे से कब्जा हटाने का इंतजार
गोलघर की सड़कों से अतिक्रमण हटा तो वाहन फर्राटे से दौड़ रहे हैं। अब ई-रिक्शा व ऑटो नहीं जा पाएंगे। यातायात पुलिस ने शुक्रवार से ऑटो व ई-रिक्शा के जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया। इससे वाहनों को चलने के लिए जगह मिल गई और जाम खत्म हो गया। लेकिन, गोलघर के गलियारा में कब्जा अब भी बरकरार है।
शुक्रवार को इंदिरा बाल विहार से गणेश तिराहा के बीच के गलियारे में कई जगह पर स्थायी अतिक्रमण दिखे। दूसरे लेन पर तो बहुत पहले से ही स्थायी अतिक्रमण हो गया है। अब इसे दिल्ली का कनॉट प्लेस की तर्ज पर खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम व्यापारियों के किराए वाले तर्क को बोर्ड की बैठक में खारिज करे या फिर उनसे वार्ता करके कोई आदेश दे। यहां पर पुलिस और नगर निगम ने सड़कों से अतिक्रमण हटवा दिया है, लेकिन गलियारे से कब्जा हटाने के लिए आदेश का इंतजार है।
मोहद्दीपुर रोड पर सड़क किनारे गार्डर
- फोटो : अमर उजाला।
मोहद्दीपुर : खंभे, ट्रांसफार्मर व गर्डर हटे तो चौड़ी हो जाएगी सड़क
मोहद्दीपुर गुरुद्वारे से लेकर चौराहे तक सड़क के किनारे गर्डर लगाए गए हैं। सड़क पर बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। शुक्रवार दोपहर इस रोड पर बिजली के खंभे व गर्डर के पास ठेले वाले नजर आए। दोनों तरफ करीब 30 फीट सड़क पर कब्जा देखने को मिला। सड़क से बिजली के खंभे हटाने के लिए कमिश्नर आदेश भी दे चुके हैं, लेकिन बिजली निगम ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसका खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं। हालांकि, जाम को खत्म करने के लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक लाइट को मैनुअल चला दिया है। कभी सिग्नल से तो कभी मैनुअल चलाकर जाम से निपटने की कोशिश की जा रही है।
इंद्रा नगर के पास रोड लगी कार की सेल एवं टायर की दुकान
- फोटो : अमर उजाला।
सिक्स लेन : सड़क किनारे ही ट्रांसफार्मर.. गड्ढे के पास संकेतक तक नहीं
पैड़लेगंल से नौसड़ तक सिक्सलेन का हाल और बेहाल है। पैडलेगंज से आगे बढ़ते ही बाएं तरफ खानपान की दुकानें हैं और यहां आने वाले लोग सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर दे रहे हैं। आगे बढ़ने पर कार मरम्मत, पेंट पालिश करने वालों का कब्जा है। यहां तक तो फिर भी ठीक है, क्योंकि सड़क चौड़ी हो चुकी है। लेकिन देवरिया बाईपास से आगे फ्लाईओवर का पिलर बनने की वजह से सड़क सकरी हो गई है और बाएं साइड में पूरा गड्ढा है। नहर रोड से पहले ही ट्रांसफार्मर नजर आएगा। एक गलती किए तो हादसा तय है। वहीं, नहर रोड पर मुड़ने में भी सावधानी बरतनी होगी। क्योंकि यहां पर भी गड्ढा है। एक भी संकेतक नहीं लगाया गया है। ऐसे में अगर रात में ध्यान हटा तो फिर जान पर बन आएगी। रुस्तमपुर के राकेश पांडेय ने बताया कि सोमवार को रात में इतना धूल उड़ रहा था कि कुछ दिखा ही नहीं। गड्ढे में गिरते-गिरते बचे।
सिक्स लेन पर बैरिकेडिंग के बाद बची सड़क से निकलते गाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला।
सकरी रोड पर ही खड़ी करते हैं ऑटो...लगता है जाम
नहर रोड से आगे रुस्तमपुर से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक फ्लाईओवर के पिलर बन गए हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे रुस्तमपुर चौराहे के आगे ही ऑटो वाले सवारी भरते और उतारते नजर आए। सकरी रोड होने की वजह से जाम लग जा रहा था। कुछ दूर आगे बढ़ने पर फलमंडी के पास ऑटो वाले सवारी भर रहे थे और उतार रहे थे। जबकि, अगर ये अपने ऑटो को लेकर फ्लाईओवर के नीचे या फिर आगे चले जाए तो न तो सवारी को दिक्कत होगी और न ही उस रोड पर चलने वाले वाहन सवारों को ही परेशान होना पड़ेगा।
रूस्तमपुर के पास सकरी सड़क पर खड़े ऑटो वाले
- फोटो : अमर उजाला।
ऑटो स्टैंड का फैसला कागजों में गुम ...निगम ने बना लिया अपना स्टैंड
जाम की सबसे बड़ी वजह ऑटो स्टैंड का न होना है। स्टैंड कागजों में गुम हो गए हैं। एडीजी अखिल कुमार, कमिश्नर अनिल ढींगरा ने कुलसचिव आवास के बगल से प्राइवेट बसों को हटाकर शहर से बाहर कर दिया। खाली हुई जमीन पर ऑटो स्टैंड बनाने का फैसला लिया गया। तय हुआ कि यही पर ऑटो खड़े होंगे तो सड़क से उनका जमावड़ा हट जाएगा और जाम से राहत मिल जाएगी। लेकिन, तत्काल मुफ्त की पार्किंग की जगह यहां पर नगर निगम से ठेका देने का फैसला कर लिया और अब ये निविदा की प्रक्रिया में चल गया है। अगर इसे शुरू कर दिया गया होता तो शायद जाम से थोड़ी और राहत मिल जाती। शुक्रवार को यहां पर नगर निगम के वाहन खड़े नजर आए।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगवार ने कहा कि पार्षदों ने भी इस मुद्दे को उठाया था। बोर्ड की बैठक में इस मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा। किसी को भी अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं है। अन्य जगहों की तरह इस पर भी फैसला ले की कार्रवाई की जाएगी।
देवरिया बाईपास के पास से अतिक्रमण हटवाते एसपी सिटी व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला।
अमर उजाला तिराहा से जीडीए दफ्तर तक अतिक्रमण हटाए गए
अमर उजाला तिराहा से लेकर जीडीए तक पुलिस और प्रशासन की टीम ने शुक्रवार की दोपहर में अतिक्रमण को हटाया। इस रोड पर एक साइड में झोपड़ी डालकर कई लोगों ने आशियाना बना लिया था तो दूसरी साइड पर ठेले वालों का कब्जा था। शुक्रवार को सभी को हटाया गया तो एक बार फिर से यह सड़क चौड़ी हो गई और जाम की समस्या खत्म हो गई।
जानकारी के मुताबिक, इस सड़क पर आठ से दस झोपड़ी वालों ने कब्जा कर लिया था। कई बार कहने के बाद भी ये नहीं हटाए थे। शुक्रवार को अतिक्रमण हटा दिया गया। 40 से अधिक ठेले वाले दोनों ही साइड में कब्जा जमाए थे। शाम में इस रोड पर ज्यादा जाम लगता था। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि रोड से कब्जा पूरी तरह से हटा दिया गया है। पुलिस को हिदायत दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण न होने पाए, वह इस पर नजर रखे।
गोलघर के गलियारे में हो गया है स्थायी निर्माण
- फोटो : अमर उजाला।
सड़क पर जाम की वजह बने 1003 वाहनों का चालान
एसपी ट्रैफिक श्यामदेव विंद की अगुवाई में शुक्रवार को काली मंदिर, गणेश चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, आजाद चौक, रुस्तमपुर चौराहा, टीपी नगर चौराहा, नौसढ चौराहा एवं अन्य महत्वपूर्ण चौराहों/तिराहों का भ्रमण किया गया। इस दौरान सड़क पर जाम की वजह बने 1003 वाहनों का चालान किया गया। एसपी ने बताया कि आगे भी अभियान जारी रहेगा।
टीपी नगर के पास सिक्सलेन निर्माण से निकले कीचड़ में गिर रहे लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
बैंक रोड से विजय चौक होते हुए सावित्री अस्पताल तक हटा अतिक्रमण
नगर निगग की टीम ने शुक्रवार को बैंक रोड से लेकर विजय चौक होते हुए सावित्री अस्पताल तक अतिक्रमण हटाया। जाम की प्रमुख वजह रहे बांसफोड़ों को भी टीम ने हटाया। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने अग्रसेन चौराहे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने पहले एडी कॉलेज के सामने बसे बांसफोड़ों को हटाया। इस दौरान कुछ ने विरोध भी जताने की कोशिश की। मगर, टीम के साथ मौजूद पुलिस बल को देख पीछे हट गए।
बांसफोड़ों को हटाने के बाद आगे बढ़ी टीम ने एसबीआई के सामने मनी एक्सजेंजर और टोपी-बेल्ट व चश्मे की अस्थायी दुकानें लगाने वालों को हटाया। विजय चौक के पास टीम ने जेसीबी की मदद से नाली पर से पक्के स्लैब तोड़े। एडी माल की तरफ बढ़ने पर टीम ने वहां सड़क पर आगे बढ़कर दुकान लगाने वालों को भी पीछे हटाया। नालियों से स्लैब और कुछ दुकानों के छज्जे तोड़े। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने 46,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला।