गोरखपुर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से अपने हुनर व कौशल को बढ़ाने की राह देखने वाले युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) ने ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तिथि को आठ दिन के लिए आगे बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया है। पहले 23 अगस्त तक आवेदन स्वीकार किए जाने थे। छात्र- छात्राओं को मेरिट के हिसाब से एडमिशन मिलेगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
आईटीआई जेडी राजेश राम ने बताया कि गोरखपुर मंडल के 24 राजकीय और 205 प्राइवेट आईटीआई की 16500 सीटों पर प्रवेश होंगे। कोरोना को देखते हुए आईटीआई में ऑनलाइन ही प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। इसमें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद दसवीं की मेरिट के आधार पर ऑनलाइन मेरिट लिस्ट निकाली जाएगी। जिसके आधार पर छात्र प्रवेश ले सकेंगे। पहले चरण की यह प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। सीटों के सापेक्ष आवेदन आने के बाद एससीवीटी 10 दिन में मेरिट सूची जारी करेगा जिसके आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा।
काउंसिलिंग प्रक्रिया में जिन अभ्यर्थियों को राजकीय आईटीआई नहीं मिलेंगे उन्हें अपग्रेड के लिए दोबारा फॉर्म भरना होगा। अपग्रेड का फॉर्म भरने के लिए अभ्यर्थियों को कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। आवेदन करते समय अभ्यर्थी के नंबर पर ओटीपी आएगा जिसके बाद ही फॉर्म जमा होंगे। सामान्य और पिछड़ा वर्ग को 250 रुपये और एससी/एसटी अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क जमा करना होगा।