गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने मूक-बधिर यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी राहत दी है। अब इस श्रेणी के यात्री भी सांकेतिक भाषा के माध्यम से ट्रेनों की जानकारी पा सकेंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तहत लखनऊ के बादशाहनगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक पर एआई आधारित सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली की शुरुआत की गई है।
इसके जरिये मूक-बधिर यात्रियों को सांकेतिक भाषा में ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और प्लेटफॉर्म की जानकारी मिलेगी। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस प्रणाली में रेलवे की मौजूदा घोषणाओं को स्वचालित रूप से सांकेतिक भाषा में रूपांतरित कर टीवी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा। दो माह के सफल ट्रायल के बाद इसे शुरू किया गया है।