अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रष्टाचार की शिकायत की जांचकर तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि विटामिन ए की खुराक बच्चों को बीमारियों से बचाएगी। इसलिए चिह्नित बच्चों को खुराक जरूर दी जाए।
उप मुख्यमंत्री, बुधवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में विटामिन ए संपूर्ण अभियान के शुभारंभ के बाद सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वैदिक कसौधन, दिव्यांक प्रताप सिंह, पीकू, चीकू, वेदांशी समेत 10 बच्चों को दवा पिलाई। उन्होंने कहा कि कार्यशाला निरंतर आयोजित होनी चाहिए, इससे नए-नए विचार आते हैं। उन्होंने कहा कि नौ माह से पांच साल के बच्चों को पोषण की कमी न हो, इसलिए विटामिन ए की खुराक पिलाने का अभियान शुरू किया गया है।
पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्र पर मानक व गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिलती हैं। डॉक्टरों को निर्देश है कि आम जनता की सुविधा के लिए सस्ती जेनरिक दवाएं लिखें। जन औषधि केंद्रों पर दवाओं की कमी नहीं होने पाएगी। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों के डूडा में पीओ बनने के सवाल पर कहा कि इसकी जांच कराकर कार्रवाई होगी।
एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर व सीएमओ डॉ. आशुतोष दूबे ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मंत्री आशीष पटेल व मंत्री गिरीश यादव मौजूद रहे।
-
तीन घंटे इंतजार के बाद मिली खुराक
डिप्टी सीएम का कार्यक्रम दोपहर एक बजे तय था। विटामिन ए की खुराक के लिए झरना टोला, खोराबार व आसपास के अन्य जगहों से 10 से अधिक बच्चों को दोपहर 12 बजे से पहले ही बुला लिया गया था। परिजनों के साथ आए बच्चे खेलते-खेलते थक गए, लेकिन डिप्टी सीएम नहीं पहुंचे। दोपहर दो बजे के बाद कई अभिभावक बच्चों को लेकर चले गए। आननफानन उनकी जगह दूसरे बच्चों को बुलाया गया। बाद में आए अभिभावक लौटने लगे तो किसी तरह से समझा-बुझाकर रोका गया। करीब 3:25 बजे एम्स पहुंचे डिप्टी सीएम ने फटाफट बच्चों को दवा पिलाई। बगल में खड़े भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर बच्चों को खिलौना देने में लगे थे। करीब पांच मिनट में ही यह कार्यक्रम समाप्त हो गया। इसके बाद सभी लोग सेमिनार हाॅल पहुंचे। वहां पहुंचते ही डिप्टी सीएम ने दीप प्रज्ज्वलन के बाद रीमोट से सेमिनार का उद्घाटन किया और लगे हाथ दो मिनट में संबोधन कर इसकी भी औपचारिकता निभा दी।