अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के 12 स्टेशनों पर 28 एस्केलेटर तथा 11 पर 30 लिफ्ट लगाई गई है। ट्रेनों में हैण्ड हेल्ड टर्मिनल के माध्यम से बर्थ आवंटन एवं टिकट बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस वर्ष 12 स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण तथा 16 स्टेशनों पर 20 प्लेटफार्मों के उच्चीकरण का कार्य किया गया।
उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे से 3 भारत गौरव ट्रेनों का संचालन किया गया। इस वित्त वर्ष माह जुलाई तक 25 विशेष गाड़ियों का संचलन 620 ट्रिप में किया गया। जुलाई तक 5.17 करोड़ यात्रियों से 979.8 करोड़ का राजस्व मिला है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 22.6 प्रतिशत अधिक है। जुलाई तक सकल राजस्व के रूप में 1477.77 करोड़ रुपये मिले हैं। इस वर्ष जुलाई तक 11 समपारों की इंटरलाकिंग एवं 18 स्टेशनों पर इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग कार्य किया गया। 29 समपारों पर स्लाइडिंग बूम बैरियर एवं 25 समपारों पर इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर लगाए गए। इसके अलावा 27 रोड अंडरब्रिज एवं 2 रोड ओवरब्रिज का निर्माण किया गया। 38 समपारों को बंद किया गया। इस वर्ष माह जुलाई तक कुल 95 किमी कम्पलीट ट्रैक रिन्यूवल, 124 किमी रेल रिन्यूवल, 62 किमी स्लीपर रिन्यूवल, 216 किमी प्लेन ट्रैक एवं 193 टर्नआउट की डीप स्क्रीनिंग, 97 टर्न आउट का रिन्यूवल, 67 थिक वेब स्वीच का प्रावधान, 139 किमी थ्रू फिटिंग रिन्यूवल का कार्य किया गया तथा 4 स्थाई गति प्रतिबंध हटाये गए। 7 स्टेशनों पर क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे सवारी यानों में कम समय में पानी भरने का कार्य किया जा रहा है। अब तक 62 करोड़ से अधिक मूल्य के स्क्रैप की बिक्री की गई है। 7615 किलोलीटर एचएसडी की बचत हुई, जिसके फलस्वरूप 70 करोड़ के रेल राजस्व की बचत हुई। सोलर पैनल से 18.5 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ।