चार साल पहले मोहद्दीपुर रोड को जब फोरलेन बनाया जा रहा था, उसी समय इस एंगल को लगाया गया था। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कोई गाड़ियां न खड़ी कर सके। इसलिए ये एंगल लगाए गए थे, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं है।
दुकानदार निक्की निषाद ने कहा कि घर के सामने लोहे का एंगल लगे होने से गाड़ी ले जाने में दिक्कत होती है, वहीं आए दिन लोग इससे टकरा जाते हैं। इसे हटाया जाना बहुत जरूरी है।
राहगीर शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि दिन में तो एंगल दिखाई देता है, लेकिन रात में अक्सर ही एंगल से गाड़ियां टकराती हैं। अक्सर ही बाइक सवार इसमें टकरा जाते हैं। एंगल पर चमकने वाली पट्टी भी नहीं लगी है कि रात में दिख जाए।
दुकानदार राजेंद्र ने कहा कि ठेले पर सब्जी बेचकर घर चलाता हूं। लोहे के एंगल से ग्राहकों को गाड़ी खड़ी करने में दिक्कत होती है, इससे हम लोगों की दुकानदारी प्रभावित होती है।
दुकानदार इंद्रजीत निषाद ने कहा कि लोहे के एंगल को लेकर कई बाद शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एंगल लगने से हम लोगों को तकलीफ उठानी पड़ती है।
लोक निर्माण विभाग आरबी सिंह, मुख्य अभियंता ने कहा कि पहले यह सड़क नेशनल हाइवे थी। अब शहर की मुख्य सड़क हो गई है। निर्माण के दौरान लोहे के एंगल लगाए गए थे। अगर दिक्कत हो रही होगी तो उन्हें हटवा दिया जाएगा।