गोरखपुर : आईओसी के प्रबंधक, दो ठेकेदारों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा
गोरखपुर। इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) के बॉटलिंग प्लांट के प्रबंधक और दो ठेकेदारों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। विजिलेंस की टीम ने आठ जुलाई को परिसर का निरीक्षण किया था। इस दौरान टीम को पता चला कि बॉटलिंग प्लांट और ठेकेदारों ने अस्थायी कनेक्शन लिया हुआ था। इसकी समय सीमा बीतने के बाद भी उन्होंने स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया। वहीं जितने लोड का कनेक्शन स्वीकृत करवाया था, मौके पर उससे अधिक भार का प्रयोग किया जा रहा था। जांच के आधार पर विजिलेंस की टीम में निगम के बिजली थाने में चोरी की मुकदमा दर्ज कराया है।
गीडा में इंडियन ऑयल का बॉटलिंग प्लांट है। प्रबंधक संजीत कुमार ने 19 नवंबर 2016 को एलएमवी नौ के तहत पांच किलोवाट का अस्थायी कनेक्शन लिया था। इसके बाद उनकी तरफ से स्थायी कनेक्शन का आवेदन नहीं किया गया। बिजली थाने के अधिकारियों के मुताबिक इसी कनेक्शन के आधार पर बिजली प्रयोग की जा रही थी। अस्थायी कनेक्शन की वैधता कनेक्शन जारी होने के बाद सिर्फ तीन माह की थी। आठ जुलाई 2020 को विजिलेंस की टीम ने यहां निरीक्षण किया तो बिना अनुमति के स्थायी कनेक्शन जोड़कर बिजली इस्तेमाल होती मिली। वहीं लोड भी 17 किलोवाट पाया गया। दो ठेकेदारों रविंद्र कुमार और राजेश नायक ने भी ऐसे ही पांच किलोवाट और 15 किलोवाट का अस्थायी कनेक्शन लिया था लेकिन रविंद्र के परिसर में ही 16 जनवरी 2018 से लेकर पांच जनवरी 2018 तक के लिए वैध पांच किलोवाट का अस्थायी कनेक्शन था। इनके परिसर में 10 किलोवाट प्रयोग में था जबकि राजेश ने आठ जून 2018 को 15 किलोवाट का अस्थायी कनेक्शन लिया था फिर भी 75 किलोवाट का लोड प्रभावी था। विजिलेंस की टीम ने तीनों कनेक्शनों की जांच में चोरी पकड़ी। जिसके बाद तीनों के विरुद्ध बिजली चोरी का मुकदमा बिजली थाने में दर्ज करा दिया गया है।
विभाग सभी से अभी तक चोरी बिजली, लोड क्षमता के साथ ही जुर्माना भी वसूल करेगा। तब तक तीनों ही जगहों पर दूसरा कनेक्शन भी जारी नहीं किया जाएगा। छापा मारने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवर्तन दल निर्भय नारायण सिंह, आरपी गुप्ता, अमित कुमार चौधरी, मनोज कुमार चौरसिया, रविंद्र यादव, अनूप कुमार तिवारी शामिल थे।
सूचना मिली थी कि परिसर में अवैध रूप से कनेक्शन चल रहा है। मौके पर जाकर देखा तो कनेक्शन अवैध था। जितने किलोवाट का अस्थायी कनेक्शन लिया गया था उससे अधिक क्षमता से प्रयोग किया जा रहा था। टीम ने प्रबंधक और दो ठेकेदार पर बिजली चोरी की मुकदमा दर्ज कराया है।
निर्भय नारायण सिंह, निरीक्षण प्रवर्तन दल
बेकार की बातें हैं सब
मुकदमा दर्ज किए जाने को इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट के प्रबंधक संजीत कुमार ने बेकार की बात बताया। बोले कि इस सिलसिले में कोई बात नहीं करनी है।