गोरखपुर। विद्युत उपकेंद्र खुटहन के रजही में करंट लगने से तीन लोगों की मौत के मामले की जांच के लिए सोमवार को टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती निरीक्षण में बिजली के तार की ऊंचाई सामान्य मिली है। हालांकि, अभी स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं।
जांच में अब तक सामने आए तथ्यों के मुताबिक, बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से निर्धारित निर्देशों की अनदेखी किए जाने की आशंका है। शटडाउन लेने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया में भी लापरवाही के संकेत मिले हैं। ऐसे में संबंधित एसडीओ समेत कई कर्मचारियों की भूमिका जांच के दायरे में है।
जांच टीम घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। अधीक्षण अभियंता रणजीत चौधरी ने बताया कि जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।