गोरखपुर। एम्स में चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए शनिवार को शिक्षकों और सीनियर रेजिडेंट (एसआर) के 139 पदों के लिए साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया शुरू हुई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 विभागों में शिक्षक और 15 विभाग में एसआर की जरूरत पूरी हो सकेगी। वर्तमान में एम्स में शिक्षकों के 64 पद और सीनियर रेजिडेंट के 75 पदों पर चिकित्सकों से आवेदन मांगे हैं।
कार्यकारी निदेशक सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता की निगरानी में शनिवार को पहले चरण में अलग-अलग विभागों में शिक्षकों के चयन के लिए साक्षात्कार लिया गया। विभागों में साक्षात्कार के लिए अगल-अलग टीमें बनी। एम्स में सबसे ज्यादा छह-छह पद जनरल मेडिसिन व पल्मोनरी मेडिसिन, नाक-कान-गला (ईएनटी) रोग, न्यूरो सर्जरी, न्यूक्लियर मेडिसिन, नेत्र रोग, चर्म रोग, एनेस्थीसिया, रेडियोथेरेपी, रेडियोलॉजी, ट्रामा इमरजेंसी, यूरोलॉजी समेत 25 विभागों में 52 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए अक्टूबर 2024 में आवेदन जारी हुए थे। अब साक्षात्कार शुरू हुआ है। वहीं, सीनियर रेजिडेंट में सबसे अधिक 13 पद ट्राॅमा एंड इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में हैं। इसके अलावा एनेस्थीसिया में भी सीनियर रेजीडेंट के 10 पद रिक्त हैं। एम्स प्रशासन के मुताबिक 15 विभागों में सीनियर रेजिडेंट के 75 पदों के लिए वैकेंसी जारी हो गई है। इन पदों पर आगामी 22 से 24 अप्रैल तक साक्षात्कार होंगे।
एम्स की मीडिया प्रभारी डॉ. अराधना सिंह ने बताया कि शिक्षकों के पदों पर शनिवार को साक्षात्कार हुए। सीनियर रेजीडेंट के पदों के सापेक्ष आवेदन मिले हैं।