गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ज्यादातर विभागों में पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। परिणाम इसी हफ्ते जारी किए जाएंगे। इसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं। परिणाम आने के बाद विभागवार मेरिट लिस्ट जारी कर सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
डीडीयू में सत्र 2025-26 की पीएचडी के लिए फरवरी में आवेदन फॉर्म निकले थे, जबकि 27 व 28 मार्च को शोध पात्रता परीक्षा (रेट) का आयोजन किया गया था। कुल 46 विषयों की लगभग 1011 सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। इनमें नियमित पाठ्यक्रमों में पीएचडी की 866, पार्ट टाइम की 55 और स्ववित्तपोषित की 90 सीटें शामिल हैं। इसके लिए आयोजित ''''''''रेट'''''''' के जरिये 1339 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए क्वालीफाई हुए थे। 20 अप्रैल से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
बताया जा रहा है कि दो से तीन विभागों की ओर से अब तक साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर अंक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इस वजह से परिणाम जारी करने में देरी हो रही है। संबंधित विभागों को जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने के लिए आग्रह किया गया है। संभावना है कि शुक्रवार या शनिवार को परिणाम जारी हो सकता है।
इस संबंध में प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि परिणाम इसी हफ्ते जारी करने की दिशा में तैयारियां की जा रही हैं। इसके बाद विभागों की ओर से मेरिट लिस्ट जारी कर सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।