ट्रेन में सफर कर रही महिला को हेल्पलाइन नंबर कार्ड देते आरपीएफ के उपनिरीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेन में अकेले सफर करने वाली महिलाओं को सुरक्षा देने की पहल शुरू की है। आरपीएफ के जवान ट्रेन में जाकर महिला यात्रियों को सुरक्षा हेल्पलाइन-182 लिखा विजिटिंग कार्ड सौंपेंगे और उन्हें बताएंगे कि आपातकाल में इस नंबर पर तत्काल फोन करें, चलती ट्रेन में ही एस्कॉर्ट के जवान हाजिर होंगे। इसकी शुरूआत देशभर में गोरखपुर से बृहस्पतिवार को बरौनी से नई दिल्ली जाने वैशाली एक्सप्रेस (12553) से की गई।
पूर्वोत्तर रेलवे आरपीएफ के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव ने महिला सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पिछले दिनों अधिकारियों के साथ मंथन किया। ट्रेन में महिला सुरक्षा की पड़ताल में सामने आया कि एसी कोच में महिलाओं के साथ घटनाएं ज्यादा होती हैं। इस कोच में भीड़भाड़ भी कम होती है। इसलिए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एसी कोच में नई व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया गया। बृहस्पतिवार को आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट रविशंकर सिंह के निर्देशन में वैशाली एक्सप्रेस के एसी टू कोच में ए वन-16 बर्थ आरक्षित करा सहरसा से नई दिल्ली जा रहीं मीरा जायसवाल के पास आरपीएफ के जवान पहुंचे और उन्हें विजिटिंग कार्ड देकर महिला सुरक्षा को लेकर रेलवे की व्यवस्था के बारे में बताया।