रामगढ़ताल में हो सकती हैं रोइंग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं: राजलक्ष्मी
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष व इंडियन ओलंपिक संघ की उपाध्यक्ष हैं राजलक्ष्मी सिंह देव
बोली-उत्तर भारत में रोइंग का कोचिंग सेंटर बन सकता है रामगढ़ताल
अभी देश में पुणे, हैदराबाद और भोपाल में ही हैं रोइंग कोचिंग सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की रोइंग प्रतियोगिता की पूरी संभावना है। इसके समीप बना वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इस संभावना को और मजबूत कर रहा है। इसके अलावा रामगढ़ताल उत्तर भारत में रोइंग का कोचिंग सेंटर भी बन सकता है।
ये बातें रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष और भारतीय ओलंपिक संघ की उपाध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव ने कहीं। वह रामगढ़ताल में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के अंतर्गत आयोजित रोइंग प्रतियोगिता का जायजा लेने पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि अभी देश में पुणे, हैदराबाद और भोपाल में ही रोइंग कोचिंग सेंटर हैं। प्रदेश सरकार ने जिस तरह से रामगढ़ताल के समीप वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनवाया है, उसे हम उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे उत्तर भारत में रोइंग की ट्रेनिंग के लिए बड़े अवसर के रूप में देख रहे हैं। यहां राष्ट्रीय स्तर की ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर की भी प्रतियोगिताएं हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रोइंग के क्षेत्र में कई प्रतिभाएं हैं। जरूरत बस उन्हें निखारने की है। टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले अरविंद सिंह यूपी के बुलंदशहर के हैं। यूपी के रोइंग खिलाड़ी आर्मी की तरफ से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। 13 साल पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के रहने वाले सूबेदार राजेश यादव ने एशियाड में सिल्वर मेडल जीता था। वर्तमान में यूपी के पुनीत सिंह से एशियाड में रोइंग का मेडल जीतने की पूरी उम्मीद है। कहा कि रोइंग में यूपी के युवा दूसरे प्रदेशों में जाकर खेलते रहे हैं। सरकार के प्रयासों से ऐसा लग रहा है कि अब उन्हें यहीं बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन एवं सुविधाएं मिल सकेंगी।