- दोहा में हमले जारी, दिन रात सुनी जा रही धमाकों की आवाज
गोरखपुर। ईरान और इस्राइल-अमेरिका के हो रहे युद्ध से बढ़ते तनाव के बीच कतर की राजधानी दोहा में रह रहे भारतीयों और अन्य प्रवासियों के लिए हालात लगातार चिंताजनक बने हुए हैं। दोहा में काम कर रहे बस्ती के मोमिन अशरफ के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में कई बार मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं देखी गई हैं, जिनसे पूरे शहर में दहशत का माहौल है।
उन्होंने बताया कि बीते दो दिन तक स्थिति अपेक्षाकृत शांत रही लेकिन उसके बाद अचानक हमलों का सिलसिला फिर से तेज हो गया। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे उनके ऑफिस के पास आसमान में कई मिसाइल और ड्रोन नजर आए, जिसे एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट किया। इस दौरान तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और आसमान में आग के गोले भी दिखाई दिए। दिन ही नहीं बल्कि रात में भी हमले जारी रहे। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे फिर से मिसाइल हमले की खबर आई। लगातार हो रहे धमाकों और सायरन की आवाजों के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों और प्रवासियों के बीच अनिश्चितता का माहौल है, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि अगला हमला कब होगा?
हालांकि, इन खतरों के बावजूद शहर का सामान्य जीवन पूरी तरह थमा नहीं है। गोरखपुर के मोहम्मद हमजा के अनुसार, ऑफिस और कामकाज अभी भी चल रहे हैं। शुरुआत में लोग घरों में रहने की कोशिश कर रहे थे लेकिन अब धीरे-धीरे इस स्थिति के अभ्यस्त होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “अब मिसाइल गिरने की खबर के बावजूद लोग सड़कों पर निकल रहे हैं और रोजमर्रा का काम जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं। आखिर कब तक घर में बंद रह सकते हैं।”
शुरू हुई थीं उड़ाने, फिर रोक
मो. हमजा ने बताया कि इस तनावपूर्ण स्थिति का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। कतर एयरवेज ने कुछ उड़ानें शुरू की थीं लेकिन ताजा घटनाओं के बाद कई उड़ानों को फिर से रोक दिया गया है। फिलहाल अधिकांश अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित बताई जा रही हैं। दोहा में रह रहे लोगों का कहना है कि अब उन्हें इस अस्थिर माहौल के साथ जीने की आदत डालनी पड़ रही है, क्योंकि फिलहाल हालात जल्द सामान्य होते नजर नहीं आ रहे।