कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अस्पतालों की स्थगित की गई आकस्मिक और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को बहाल करने के बाद अब अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं भी शुरू कर दी गई है। अब निजी और सरकारी अस्पतालों में जरूरी ऑपरेशन भी शुरू हो जाएंगे।
प्रमुख सचिव-स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के सभी जिला अधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि कोरोना वायरस का संक्रमण अभी चलते रहने की संभावना है, इसके चलते कुछ जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को लंबे समय तक नहीं रोका जा सकता।
इसलिए प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों, संयुक्त चिकित्सालयों, महिला चिकित्सालयों ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही निजी चिकित्सालयों में तत्काल जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं को शुरू किया जाए।
इस दौरान पूर्ण सावधानी और प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने भी पत्र की पुष्टि करते हुए कहा है कि निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। अस्पतालों को जिन जरूरी सेवाओं को शुरू करने को कहा गया है, उनमें सर्जरी से संबंधित ओपीडी सेवाएं भी शामिल हैं। लेकिन सामान्य ओपीडी अभी स्थगित रहेगी ।