गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगने वाले खिचड़ी मेले के लिए नगर निगम की ओर से की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोरखनाथ ओवरब्रिज से मंदिर तक डिवाइडर की रेलिंग पेंट कराने के निर्देश दिए। धर्मशाला ओवरब्रिज के पिलर और रेलवे के साइड वॉल पर स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित वॉल पेंटिंग कराने की भी हिदायत दी गई।
नगर आयुक्त ने मेले में स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘जीरो वेस्ट खिचड़ी मेला’ और ‘प्लास्टिक फ्री खिचड़ी मेला’ के बैनर एवं फ्लेक्स लगाए जाने के निर्देश दिए। मेला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सभी दुकानों पर डस्टबिन रखने, आईईसी टीम के माध्यम से दिन-रात्रि जागरूकता अभियान चार-पांच दिन तक चलाने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने मेले के सजावट कार्य के लिए लाइटिंग के साथ रंग-बिरंगे पतंग, कपड़े, घंटी और स्वास्तिक चिह्न आदि लगवाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, सहायक अभियंता मोहित गुप्ता, अवर अभियंता अवनीश भारती और सफाई निरीक्षक श्रवण कुमार सोनकर आदि अधिकारी मौजूद रहे।