फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: रसूखदारों ने बयान दर्ज कराने गई छात्रा की मां को थाने में धमकाया

विज्ञापन
विज्ञापन
- सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी आरोपी तीन लड़कों का नाम हटाने के लिए बना रहे थे दबाव
विज्ञापन

- मां ने किया इन्कार तो पदाधिकारी और आरोपी के परिजनों ने दी धमकी
- एआई से अश्लील वीडियो बनाकर छात्रा को ब्लैकमेल करने का मामला

गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में एआई तकनीक के जरिये 12वीं की छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। रविवार को बेटी के साथ बयान दर्ज कराने थाने पहुंची मां को सराफा एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने खुलेआम धमकाया। आरोप है कि पदाधिकारी तीन आरोपी छात्रों के नाम एफआईआर से हटाने के लिए दबाव बना रहे थे। मां के इन्कार करते ही थाना परिसर में ही उसे फटकार लगाई गई और देख लेने की धमकी दी गई।

पीड़ित छात्रा ने रोते हुए पुलिस को बताया कि आरोपियों ने एआई की मदद से उसका फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। छात्रा के अनुसार, एक आरोपी ने कॉलेज के बाहर उसे जबरन जूते के फीते बंधवाए और धमकी दी कि हमसे टकराओगी तो पूरे परिवार को जान से हाथ धोना पड़ेगा। इस धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।
विज्ञापन

छात्रा की मां का आरोप है कि सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी ने खुद एक समझौता पत्र तैयार किया। इसमें आरोपियों की ओर से दोबारा परेशान न करने का आश्वासन लिखा गया और उनके पिता से हस्ताक्षर भी करा लिए गए। इसके बाद महिला पर भी हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। जब मना कर दिया तो पदाधिकारी भड़क उठा। छात्रा की मां का कहना है कि यह समझौता नहीं, बल्कि मामले को दबाने की साजिश थी। आरोपियों के परिजन कथित रूप से प्रभावशाली और संपन्न हैं। उन्होंने पहले ही कह दिया था कि तुम्हारी कहीं सुनवाई नहीं होगी। यही कारण रहा कि शुरू में परिवार सहमा रहा, लेकिन छात्रा की बिगड़ती मानसिक हालत ने मां को पुलिस की शरण लेने पर मजबूर कर दिया।

एफआईआर की खबर लगते ही थाने पहुंचे आरोपी के परिजन और पदाधिकारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही आरोपियों पर एफआईआर दर्ज होने की खबर फैली, ज्वेलरी एसोसिएशन के पदाधिकारी और आरोपी छात्रों के पिता थाने पहुंच गए। वहां माहौल गरमा गया। छात्रा की मां का कहना था कि आरोपी छात्रों के परिजन रुपये के दम पर अपराध को दबाने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि छात्रा व उसकी मां ने उनकी एक नहीं सुनी। यहां तक ही आरोपी छात्र के परिजनों ने उन्हें प्रलोभन भी दिया था।

आरोपी छात्रों को बोर्ड परीक्षा के बाद बाहर भेजने की तैयारी कर रहे परिजन
छात्रा की मां का कहना है कि वर्तमान में आरोपी छात्र बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं। प्राथमिकी दर्ज हाेने के बाद उनके परिजन आरोपी छात्रों को जिले के बाहर भेजने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उनपर भी बाहरी लोगों से दबाव बनाया जा रहा है।
विज्ञापन



छात्रा का विस्तृत बयान दर्ज कर लिया गया है। साइबर एंगल को ध्यान में रखते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने भी रसूखदार क्यों न हो।
- ज्ञानेंद्र प्रसाद, एसपी नार्थ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें