कोरोना के मद्देनजर भारत-नेपाल दोनों देशों में लॉकडाउन घोषित है। ऐसे में नेपाल निर्यात होने वाले सामानों को लेकर सोनौली बार्डर पर आए सैकड़ों भारतीय ट्रक व चालक फंस गए हैं। सबसे खराब हालत उन ट्रक चालकों की है जो कई ऐसे सामान लाद रखे हैं।
भारतीय कस्टम से प्रवेश लेकर नेपाल में प्रवेश कर गए हैं। लेकिन सोनौली सीमा सटे नेपाल के भंसार कार्यालय से उन्हें अपने गंतव्य स्थानों तक ले जाने की अनुमति नहीं मिल रही है। दो दिन से उन ट्रकों के चालक परेशान हैं। क्योंकि उन्हें न तो भारत में आने दिया जा रहा है और न ही बेलहिया भंसार परिसर से बाहर निकलने दिया जा रहा है।
वहीं दूसरी तरफ भारतीय मालवाहक ट्रकों के नेपाल जाने का सिलसिला लॉकडाउन के दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को करीब 140 ट्रक नेपाल गए व बृहस्पतिवार की शाम तक 120 ट्रकों को नेपाल प्रवेश की अनुमति मिल चुकी थी। लेकिन भैरहवा भंसार कार्यालय द्वारा ट्रकों को नेपाल में आगे जाने की अनुमति न मिलने से ट्रक चालक नेपाल जाने से कतरा रहे हैं।
बेलहिया भंसार कार्यालय के चीफ कमलनाथ भटराई का कहना है कि केवल पेट्रोलियम व आवश्यक सामग्रियों को नेपाल प्रवेश की अनुमति के आदेश आए हैं। जो अन्य भारतीय ट्रक भंसार तक आ गए हैं। उन्हें उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद ही जाने दिया जाएगा।