आयकर विभाग की टीम ने अपनी कार्रवाई के तीसरे दिन शुक्रवार को विजय चौक स्थित एडी मॉल में छापा मारा। इस मॉल में बिल्डर शोभित मोहन दास अग्रवाल साझेदार हैं। वहीं, इस परिवार से जुड़ी एक और फर्म पर भी छापे की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, आयकर की टीम को गैलैंट समूह और शोभित मोहन दास अग्रवाल की फर्मों पर कार्रवाई के दौरान 270 छोटी-बड़ी फर्मों की जानकारी मिली है। टीम अब इतनी ज्यादा फर्म बनाने की वजह तलाश रही है।
एडी मॉल में शोभित मोहन दास अग्रवाल, धीरज दास और नीरज दास तीन साझेदार हैं। आयकर विभाग की तरफ से बुधवार को जब गैलेंट समूह और शोभित मोहन दास के प्रतिष्ठानों की जांच की गई, तभी इस बात का अनुमान लगाया जाने लगा था कि जांच के दायरे में अभी कुछ और फर्में आ सकती हैं। शुक्रवार की सुबह टीम अचानक एडी माॅल के तीसरे मंजिल पर बने दफ्तर पहुंच गई और वहां मौजूद रिकार्ड को अपने कब्जे में ले लिया।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर के हिंदी बाजार में खपाया एक किलो अवैध सोना, 200 किलो चांदी
आयकर टीम शुक्रवार को शोभित मोहन दास के साथ काम करने वाले एक साझेदार की फर्म पर भी पहुंची। टीम ने इस फर्म से भी कागजात को अपने कब्जे में लिया है। आयकर टीम अब अन्य फर्मों का ब्यौरा जुटा रही है। आयकर सूत्रों के मुताबिक, शोभित मोहन दास के साथ पिछले दस वर्षों में जुड़े सभी साझेदार जांच के दायरे में आ सकते हैं। इसी क्रम में आयकर की टीम अपनी जांच का दायरा बढ़ा रही है।
30 घंटे चली कार्रवाई
साकेत नगर इलाके में जांच करने गई आयकर की टीम की कार्रवाई 30 घंटे चली। इस कॉलोनी में मनोज अग्रवाल का एक मकान है। यह मकान 2017 में गैलेंट समूह के प्रबंध निदेशक चंद्र प्रकाश अग्रवाल चंदू का था। जिसे मनोज ने एक करोड़ 15 लाख रुपये में खरीद लिया था। बुधवार को सुबह 9 बजे आयकर विभाग के छह अधिकारी स्थानीय पुलिस के साथ आवास पर पहुंचे थे।