कैंपियरगंज (गोरखपुर)। शादी के लिए कर्ज लेकर बाइक से लौट रहे किसान से शनिवार रात 77 हजार रुपये की लूट हो गई। घटना संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल, पीपीगंज और कैंपियरगंज थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित बढ़या पुल के पास हुई। वारदात के बाद पीड़ित पूरी रात और अगले दिन तक तीन थानों के चक्कर लगाता रहा लेकिन सीमा विवाद के चलते पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल करती रही। आखिरकार रविवार दोपहर में कैंपियरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
जानकारी के अनुसार, पीपीगंज वार्ड नंबर दो निवासी मनोज गुप्ता भतीजे की शादी के लिए मेंहदावल निवासी मित्र के यहां से 77 हजार रुपये लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। शनिवार रात करीब नौ बजे जैसे ही वह बढ़या बाजार (मेंहदावल क्षेत्र) के पास पहुंचे, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने असलहे का डर दिखाकर उन्हें जबरन बढ़या पुल तक ले गए और वहां उनसे रुपये छीनकर भाग गए।
आरोप है कि घटना के बाद पीड़ित सबसे पहले मेंहदावल थाने पहुंचा लेकिन वहां पुलिस ने घटना को दूसरे थाना क्षेत्र का बताकर टाल दिया। इसके बाद वह पीपीगंज थाने गया, जहां से भी उसे यही कहकर लौटा दिया गया कि घटना कैंपियरगंज क्षेत्र की है। इस दौरान पीड़ित पूरी रात और अगले दिन तक इधर-उधर भटकता रहा। मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। तीनों थानों के बीच सीमा विवाद के चलते रिपोर्ट दर्ज करने में देरी हुई।
रविवार दोपहर में कैंपियरगंज थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी प्रभुदयाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।