पादरी बाजार (गोरखपुर)। गोरखनाथ क्षेत्र के विकास नगर विस्तार कॉलोनी निवासी एक युवक से फल कारोबार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 3.90 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
विकास नगर विस्तार कॉलोनी निवासी सोनू सिंह पढ़ाई के साथ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले वह अपने दोस्त संदीप को शाहपुर स्थित नीरज जायसवाल के घर छोड़ने जाते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कृष्ण कुमार से हुई। बातचीत के दौरान कृष्ण कुमार ने फल मंडी में खरीद-फरोख्त के कारोबार में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर सोनू ने अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन कुल 15.83 लाख रुपये निवेश कर दिए।
आरोप है कि कृष्ण कुमार ने बाद में विभिन्न तिथियों में 12.70 लाख रुपये वापस कर दिए लेकिन 3.13 लाख रुपये बकाया रह गए। इसके बाद पिछले वर्ष 30 हजार रुपये नकद लेने के साथ ही अक्तूबर में 22 हजार रुपये का मोबाइल और अप्रैल 2026 में करीब 25 हजार रुपये का एक अन्य मोबाइल भी खरीदवाया। इस तरह कुल 3.90 लाख रुपये का भुगतान बाकी रह गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में रुपये देने से साफ इन्कार कर दिया।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि कृष्ण कुमार और नीरज जायसवाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।