भटहट (गोरखपुर)। गुलरिहा थाना क्षेत्र में बीएएमएस कोर्स में प्रवेश दिलाने के नाम पर 3.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ सीओ गोरखनाथ को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत बरगदहीं निवासी धर्मदेव प्रजापति ने शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे का बीएएमएस में दाखिला कराना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात क्षेत्र के तीन युवकों से हुई, जिन्होंने एडमिशन कराने का भरोसा देकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने विभिन्न किस्तों में उनके खाते से 3.60 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब दाखिला नहीं हुआ तो उन्होंने रुपये वापस मांगने शुरू किए। इसके बाद आरोपियों ने 80 हजार रुपये वापस किए लेकिन शेष रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जब वह बाकी रुपये की मांग करते हैं तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे पहले भी उन्होंने गुलरिहा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।