गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में बीमारी का बहाना बनाकर लिफ्ट मांगने वाले एक उचक्का झांसा देकर युवक की नई स्कूटी लेकर भाग गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
लच्छीपुर खास निवासी वंदना निषाद ने तहरीर में बताया कि एक जुलाई की सुबह करीब 4:15 बजे उनका छोटा भाई सूरज निषाद उनकी नई स्कूटी से किसी काम से जा रहा था। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बीमार बताते हुए अस्पताल पहुंचाने के लिए लिफ्ट मांगी। पहले सूरज ने मना किया लेकिन उसकी हालत देखकर उसे स्कूटी पर बैठा लिया।
आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद आरोपी ने जल्दी अस्पताल पहुंचने की बात कहकर स्कूटी रोकवाई और स्वयं वाहन चलाने की इच्छा जताई। सूरज उसके झांसे में आ गया और पीछे बैठ गया। राजेंद्र नगर स्थित चंद्रा पेट्रोल पंप के पूर्व दिशा में पहुंचने पर आरोपी ने स्कूटी रोकी। जैसे ही सूरज नीचे उतरा आरोपी एक्टिवा लेकर भाग गया। सूरज ने शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया लेकिन वह तेज रफ्तार से भाग निकला।
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।