सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के शिवपुर बिंटोलिया गांव में अंडे की दुकान पर खाने के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में बुधवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। छह नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित रामतीरथ के अनुसार, सोमवार रात उनका बेटा जितेंद्र और उसका साथी राकेश गांव के अंडे की दुकान पर थे। इसी दौरान कुछ युवक पहुंचे और गाली-गलौज के साथ जातिसूचक शब्द कहते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडा और धारदार हथियार लेकर लौटे व राजकुमार, जितेंद्र और बीच-बचाव करने पहुंचे रामकिशुन को पीट दिया। इस दौरान एक युवती का मोबाइल छीनने और तमंचा लहराकर पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज एम्स में चल रहा है।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में सूरज केवट, विक्रमकांत, मारकंडेय और राहुल समेत 18 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।