गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से जा रही महिला की सोने की चेन छीन ली। वारदात रानीडीहा स्थित एक मैरिज लॉन के सामने हुई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
दिव्यनगर कॉलोनी निवासी ज्योति सिंह पति के साथ स्कूटी से कुनराघाट से रानीडीहा जा रही थीं। रात करीब नौ बजे जब वह रानीडीहा से पहले खोराबार की तरफ वी-मार्ट के पास आलू-प्याज की दुकान के पास पहुंचीं तो पीछे से दो बाइक सवार युवक आए और गले से चेन छीनकर भाग गए। पीड़िता ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा किया लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग गए। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि आगे बैठे युवक ने काली शर्ट और पीछे बैठे युवक ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी।
सीओ कैंट आभा सिंह के मुताबिक, मदन मोहन मालवीय चौराहे के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की बाइक और हुलिया कैद हुई है। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चेन बरामद की जाएगी।