पिपराइच इलाके का मामला, जर्जर सड़क और तेज रफ्तार पर उठे सवाल
पिपराइच। नगर पंचायत के वार्ड नंबर-एक स्थित पिपराइच-हाटा मार्ग पर शनिवार को बाइक की टक्कर से 11 वर्षीय आयुष सैनी की मौत हो गई। घर के पास हुई घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हाटा मार्ग निवासी सुग्रीम सैनी का इकलौता बेटा आयुष सैनी किसी काम से घर से पैदल निकला था। लौटते समय तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आयुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे बने नाले तक जा पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने रिठिया निवासी नाबालिग बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह उखड़ी परत और तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि नाबालिग चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
पिपराइच। थाना क्षेत्र के ग्राम सिधावल स्थित ब्रह्मस्थान रोड पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सिधावल वार्ड नंबर-10 निवासी राधेश्याम गुप्ता (70) किसी काम से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे लोडर टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। टेंपो लेकर भागे चालक की चालक की जा रही है।