गोरखनाथ क्षेत्र स्थित एक मैरिज हॉल में सोमवार रात डीजे पर डांस को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ शरारती तत्वों ने शादी समारोह में घुसकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने बरातियों के साथ मारपीट की, उनकी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और खाने को भी बर्बाद कर दिया।
घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सात आरोपियों को पकड़ लिया है। इसमें तीन नाबालिग हैं। पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान हुमायुंपुर के सुमित कन्नौजिया, समीर गौतम, राज उर्फ चाऊ और सुजीत कुमार हैं।
जानकारी के अनुसार, हुमायुंपुर उत्तरी निवासी सीता देवी की बेटी की शादी नीलम मैरिज हॉल, जनप्रिय विहार कॉलोनी में बनकटी ढेबरा, सिकरीगंज निवासी कमल के साथ हो रही थी। रात करीब 10 बजे डीजे पर डांस को लेकर कुछ स्थानीय युवकों और बरातियों के बीच कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवक जबरन मैरिज हॉल में घुस आए। आरोप है कि युवकों ने बरातियों के साथ मारपीट की और वहां खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं उन्होंने खाने-पीने के सामान को भी इधर-उधर फेंककर नष्ट कर दिया। अचानक हुए इस हंगामे से शादी समारोह में मौजूद लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पीड़िता की तहरीर पर गोरखनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सात आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।