ऑडिट में 11 सेंटरों के 22 सदस्यों से कुल 3,65,311 रुपये की धोखाधड़ी सामने आने का दावा किया गया। शिकायत के अनुसार, पंकज ने रकम निजी इस्तेमाल में करने की बात स्वीकार की, लेकिन उसे वापस करने से इनकार कर दिया। शाखा से जाने के बाद कुछ सदस्यों के खातों में यूपीआई के माध्यम से रुपये भेजने की बात भी तहरीर में कही गई है।
भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड (इंडसइंड बैंक) के डुमरी चौराहा शाखा में तैनात फील्ड स्टाफ पर महिला ग्राहकों से वसूली गई किश्त और प्री-पेमेंट की रकम हड़पने का आरोप लगा है। शाखा के एबीएम करमचंद यादव की तहरीर पर चौरीचौरा पुलिस ने बिहार निवासी पंकज कुमार गौड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
तहरीर के अनुसार, संस्था समूह के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध कराती है। इसकी किश्तों का साप्ताहिक कलेक्शन फील्ड स्टाफ करता है। पश्चिमी चंपारण के धनहा थाना क्षेत्र के कलह पश्चिमी निवासी पंकज कुमार गौड़ पुत्र परशुराम गौड़ इसी पद पर तैनात था।
चार जुलाई 2025 को कार्यक्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सेंटर मीटिंग में अनियमितता की जानकारी मिली। सदस्यों से पूछताछ और सत्यापन कराने पर 19 सदस्यों से 7,47,277 रुपये की अनियमितता सामने आई। आरोप है कि सदस्यों से रकम लेने के बाद उसे दूसरे सेंटरों या एरिया सेंटर के खातों में स्विच कर दिया गया, ताकि गड़बड़ी का पता न चल सके।
मामले की जानकारी होने पर शाखा अधिकारियों ने पंकज से संपर्क किया। उसने शाखा आने की बात कही, लेकिन नहीं पहुंचा। बाद में मोबाइल भी बंद कर लिया। तहरीर के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने गड़बड़ी स्वीकार की। इसके बाद फील्ड वेरिफिकेशन और ऑडिट कराया गया।
ऑडिट में 22 सदस्यों से 3.65 लाख की धोखाधड़ी का दावा
ऑडिट में 11 सेंटरों के 22 सदस्यों से कुल 3,65,311 रुपये की धोखाधड़ी सामने आने का दावा किया गया। शिकायत के अनुसार, पंकज ने रकम निजी इस्तेमाल में करने की बात स्वीकार की, लेकिन उसे वापस करने से इनकार कर दिया। शाखा से जाने के बाद कुछ सदस्यों के खातों में यूपीआई के माध्यम से रुपये भेजने की बात भी तहरीर में कही गई है।
कंपनी के अधिकारियों को रकम हड़पने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इस दौरान उसने कर्मचारियों को दोबारा रुपये मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। साथ ही फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।
चौरीचौरा पुलिस ने एबीएम की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में दस्तावेजों, सेंटरों के रिकॉर्ड और लेनदेन की जांच की जा रही है: ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नार्थ