पीपीगंज स्थित गैस एजेंसी के सील होने के बाद क्षेत्र में गैस वितरण बाधित होने से गुरुवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह से गैस लेने के लिए लाइन में खड़े ग्रामीणों ने जब लंबे समय तक वितरण शुरू नहीं होते देखा तो आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि आशीष इंडियन गैस सर्विस के प्रोपराइटर पवन वर्मा के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के बाद एजेंसी को सील कर दिया गया था। इसके बाद से पूरे क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बृहस्पतिवार सुबह से ही पीपीगंज क्षेत्र सहित भरोहिया ब्लॉक के विभिन्न गांवों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण गैस लेने के लिए पहुंच गए और लंबी कतार लग गई।
लाइन में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भी बड़ी संख्या रही, जो तेज धूप में कई घंटों तक भूखे-प्यासे खड़े रहे। आपूर्ति विभाग की ओर से पहले आश्वासन दिया गया था कि वैकल्पिक व्यवस्था कर गैस का वितरण कराया जाएगा, लेकिन करीब 22 घंटे बीत जाने के बाद भी वितरण शुरू नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
ग्रामीणों का कहना था कि पीपीगंज के भगवानपुर स्थित गैस गोदाम में गैस से भरी गाड़ी खड़ी है और लगभग 410 सिलेंडर भी मौजूद हैं, इसके बावजूद वितरण शुरू नहीं कराया जा रहा है। इससे परेशान उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बिट्टू जायसवाल, शुभम यादव, रविंदर, कुसुम भारती, अनुष्का, प्रदीप, मुनीब सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द गैस आपूर्ति शुरू नहीं कराई गई तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।