गीडा क्षेत्र की युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मारपीट कर गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस रविवार को आरोपी युवक और उसके परिजनों पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, युवती की मुलाकात चार माह पूर्व गुलरिहा थाना के फुलवरिया गांव निवासी आकाश से तरकुलहा माता मंदिर में हुई थी।
यहां दोनों एक दूसरे से नंबर लेकर बात करने लगे। आकाश शादी का झांसा देकर युवती को अपनी दीदी के घर जंगल तुलसीराम बिछिया लेकर गया और फिर दादी, पिता और दो बहनों से मिलवाया। उसके बाद शादी की बात कहकर युवती के साथ अपने घर में रहने लगा।
इसी बीच युवती एक माह की गर्भवती हो गई तो युवक ने दवा देकर गर्भपात करवा कर उसे घर से निकाल दिया। युवती 24 जुलाई को युवक के घर पहुंची तो परिजन ने मारपीट कर भगा दिया। युवती की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपी आकाश, पिता पारस, दादी और दो बहनों पर केस दर्ज किया है।