दोस्ती कर पहले मदद के नाम पर खुद 16 लाख रुपये लेने और फिर अपने परिचित को 15 लाख रुपये उधार दिलाकर रुपये हड़पने का एक मामला सामने आया है। पीड़ित राप्तीनगर फेज चार के श्रीकृष्ण सिंह बघेल ने आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जिसपर सोमवार को केस दर्ज करके शाहपुर पुलिस जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
श्रीकृष्ण सिंह बघेल ने बताया कि मेरे परिचित सलेमपुर उर्फ मोगलहा निवासी विनय कुमार शाही ने मुझसे उधार के रुप में करीब सोलह लाख रुपये नकद लिए। जिसके संबंध में स्टांप पेपर पर भी लिखा पढी हुई है।
इसके बाद विनय कुमार शाही ने मुझसे कहा कि उनके मित्र कुशीनगर के रामकोला के मूल निवासी बेचू चौधरी को व्यापार में हुए नुकसान से बहुत परेशान है, उन्हें कुछ रुपये की आवश्यकता है, मैंने विश्वास कर 15 लाख रुपये का चेक काटकर दे दिया।
बेचू ने आधार कार्ड दिया था। बाद में पता चला कि शहर के सेमरा नंबर 02 में बेचू चौधरी का कोई मकान नहीं है और कुशीनगर जाकर पता लगाया तो जिस बेचू चौधरी को मेरे सामने विनय कुमार शाही लाकर चेक दिलवाए थे, वह बेचू चौधरी नहीं था। इससे प्रतीत हो रहा है कि विनय कुमार शाही ने बेचू चौधरी नाम के फर्जी व्यक्ति को खड़ा करके फर्जी कुटरचित आधार कार्ड तैयार कर मेरे साथ साजिश कर रुपये हड़प लिया।