व्यापारी संग विवाद के साथ समझाते हुए लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बक्शीपुर में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम प्रवर्तन दल और एक दुकानदार में मारपीट हो गई। काफी देर तक सड़क पर हंगामा हुआ। इससे आवागमन भी प्रभावित रहा। इसके बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है। घटना से व्यापारियों में काफी नाराजगी है। अभियान के दौरान टीम ने दो जेनरेटर एक ठेला होर्डिंग बोर्ड को भी जब्त किया।
विवाद के बाद बक्शीपुर में तनाव बढ़ गया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
साथ ही 25,400 का चालान भी काटा। डीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और यातायात पुलिस पुलिस ने मंगलवार को अग्रसेन तिराहे से बक्शीपुर चौराहे तक अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। जुबली तिराहा से थोड़ा आगे एक दुकान के आगे नाले पर पक्का स्लैब ढालने के अलावा दुकान के आगे निकाले गए टिनशेड को अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने हटाना शुरू कर दिया। दुकानदार ने इसका विरोध किया गया।
कार्रवाई करती नगर निगम की टीम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके बाद प्रवर्तन टीम ने सख्ती की और शेड और पक्के स्लैब को हटाना शुरू कर दिया। दुकानदार ने आरोप लगाया कि निगम की टीम ने उससे धक्का-मुक्की की। इसके बाद दोनों में काफी हाथापाई भी हो गई। आसपास के दुकानदारों से बीच-बचाव कर दुकानदार को वहां से हटाया। वहीं, इसके बाद प्रवर्तन टीम वहां से लौट गई। घटना से स्थानीय व्यापारियों में काफी रोष है। चर्चा है कि व्यापारी बुधवार को बाजार बंद कर सकते हैं।
शाम को हंगामे के बाद बक्शीपुर चौकी का व्यापारियों ने घेराव किया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
व्यापारी वैभव तिवारी ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर प्रवर्तन दल के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया कि जुर्माना भरने की बात कहने के बाद भी उन्होंने बदसलूकी की। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को नहीं छोड़ा जाएगा। बक्शीपुर में दुकानदार के खिलाफ अतिक्रमण टीम के साथ गाली-गलौज करने के साथ मारपीट की गई है। दुकानदार के खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर दी गई है।