भटहट क्षेत्र के भलुई गांव के दिनेश गुप्ता को बिना कनेक्शन जोड़े बिजली का बिल विभाग द्वारा जारी कर दिया गया था।बताया जा रहा है कि दिनेश गुप्ता बिजली कनेक्शन के लिए विभाग का चक्कर काट रहे थे, अधिकारी व कर्मचारियों से उनकी वार्ता चल रही थी कि इसी बीच उनके मोबाइल फोन पर बिना कनेक्शन जोड़े ही बिल आ गया। जिसकी शिकायत पर जांच करने के बाद मामले में शुक्रवार को तत्कालीन जेई सोहन कुमार को दोषी पाया गया है।
मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव के निर्देश पर गठित जांच कमेटी ने तत्कालीन एसडीओ अजय कुमार यादव, वर्तमान एसडीओ राम इकबाल प्रसाद और जेई अजय कुमार सिंह को भी आंशिक रूप से दोषी माना है। सोहन कुमार इस समय बाराबंकी और अजय यादव प्रतापगढ़ में तैनात हैं।
मुख्य अभियंता ने बताया कि जांच कमेटी में शामिल अधीक्षण अभियंता रमेश कुमार श्रीवास्तव और अधिशासी अभियंता परवेज आलम ने मीटर रीडर शिवेंद्र सिंह को बर्खास्त करने को लिखा है। मीटर रीडर ने जांच कमेटी को बताया है कि एक ही दिन में दो से तीन सौ मीटर लगाए गए हैं। इसकी भी जांच के निर्देश दिए गए हैं। सोहन कुमार और अजय यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मुख्यालय को पत्र भेजा जा रहा है।