25 मई को होने वाले चुनाव के लिए 200 गाड़ियां भेजी गईं, पोलिंग पार्टियों के लिए मिलीं 90 बसें
गाड़ी मालिकों को भेजा जा रहा है नोटिस, बोलेरो, अर्टिगा और बसों का होगा अधिग्रहण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। लोकसभा चुनाव का रण अपने अंतिम पड़ाव की ओर पहुंच रहा है। पांच चरण के चुनाव हो चुके हैं। ऐसे में अंतिम चरणों के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस कड़ी में संभागीय परिवहन विभाग ने बृहस्पतिवार को संतकबीरनगर में होने वाले चुनाव के लिए 200 गाड़ियां और 90 बसें रवाना कर दीं हैं। इसके बाद अब विभाग के जिम्मेदार एक जून को होने वाले चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। गोरखपुर की नौ विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए 1150 गाड़ियाें का इंतजाम करना है, इसके लिए वाहन मालिकों को नोटिस भेजा जा चुका है। 28 मई को गोरखपुर के लिए सभी वाहन मालिकों को अपनी गाड़ी मुहैया करा देनी है। ऐसा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
चुनाव के लिए निजी चार पहिया वाहनों का भी अधिग्रहण किया जा रहा है। वाहन स्वामियों को नोटिस भेजकर गाड़ी और ड्राइवर को तैयार रखने के लिए कहा गया है। इसके लिए आरटीओ ने गाड़ियों को चिह्नित कर नोटिस भेजने का काम भी तेज कर दिया है। अधिकतम लोगों को नोटिस रिसीव भी कराया जा चुका है।
संभागीय परिवहन कार्यालय को इस बार चुनाव के लिए दो चरणों में गाड़ियों की व्यवस्था करनी है। पहले चरण के लिए बसों और चार पहिया वाहनों को रवाना किया जा चुका है। वहीं अब छोटी गाड़ियों में प्राइवेट टैक्सी के अलावा गाड़ियों की मांग ज्यादा होने की वजह से निजी गाड़ियों को भी अधिग्रहीत किया जा रहा है।
छठवें चरण में बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के लिए आरटीओ को करीब 180 गाड़ियों की व्यवस्था करनी है। जिसके लिए उन्होंने 500 गाड़ियों को अधिग्रहीत करने का लक्ष्य रखा था। जिससे जरूरत पड़ने पर चुनाव के समय किसी समस्या का सामना न करना पड़े। वहीं दूसरी ओर दूसरे चरण के लिए 1150 चार पहिया वाहनों की मांग की गई है। इसके लिए 1400 गाड़ियों को अधिग्रहीत करने का लक्ष्य रखा गया है।
एआरटीओ प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि चुनाव में अधिग्रहीत की जाने वाले गाड़ियों के स्वामियों को इसका किराया भी दिया जाएगा। 2140 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से उन्हें वाहन का किराया के साथ ही डीजल अलग से मुहैया कराया जाएगा। अब एक जून को होने वाले अखिरी चरण के चुनाव के लिए वाहन स्वामियों को 28 मई तक गाड़ियां नोटिस में दिए गए निर्धारित स्थल तक पहुंचानी होंगी।