आईजी ने जारी किया आदेश, सड़क पर आकस्मिक निरीक्षक कर जांचेंगे हकीकत
जाम हटने के बाद दोबारा न लगने को लेकर पुलिस अफसर सतर्क, एसएसपी भी दे चुके हैं आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर की सड़कों से जाम तो हट गया, लेकिन उसे हटाए रखना बड़ी चुनौती हैं। इसे देखते हुए आईजी जे रविंद्र ने चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी तय करने का आदेश दिया है। आईजी ने साफ कहा है कि वह खुद सड़कों पर अचानक निकलेंगे और जिन सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां पर दोबारा पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सड़कों पर ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी भी सक्रिय रहें और अगर कहीं भी अतिक्रमण दिखे तो हटवा दें। जरूरत हो तो नगर निगम को फोटो भेजकर इसकी जानकारी दें, ताकि कार्रवाई हो सके।
जानकारी के मुताबिक, शहर के काली मंदिर, गोलघर, शास्त्री चौक, बेतियाहाता, रुस्तमपुर समेत तकरीबन सभी प्रमुख जगहों से अतिक्रमण हटाया गया है। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाकर रास्ते पर वाहनों को सरपट दौड़ने लायक बना दिया। रेलवे स्टेशन रोड जैसे रास्ते से भी अतिक्रमण हट गया है।
अब आईजी ने अतिक्रमण की वजह फिर शहर की सूरत खराब न हो, इसे लेकर सतर्क रहने का आदेश जारी किया है। एसएसपी को पत्र भेजकर कहा गया है कि चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी तय की जाए कि वह अतिक्रमण को लेकर सतर्क रहें और रोजाना इसकी जांच करें। अपने-अपने इलाके में चौकी इंचार्ज सुनिश्चित कराएं कि कहीं भी दोबारा अतिक्रमण न लगने पाए। दरअसल, अतिक्रमण हटने के बाद से शहर की सड़कें चौड़ी हो गई हैं और अब कई जगहों पर जाम से लोगों को जूझना नहीं पड़ रहा है।
.....
वर्जन
जहां से भी अतिक्रमण हटाए गए हैं, वहां पर दोबारा न लगने पाए, इसकी जिम्मेदारी चौकी इंचार्ज की तय करने का आदेश दिया गया है। औचक निरीक्षण करके इसे देखा जाएगा और दोबारा अतिक्रमण मिला तो संबंधित चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की जाएगी।
- जे रविंद्र, आईजी गोरखपुर रेंज