- उरुवा इलाके में पति की हत्या की कोशिश का मामला, आरोपी महिला और उसके प्रेमी को पुलिस ने भिजवाया जेल
- महिला के प्रेमी की बाइक भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
उरुवा बाजार। थाना क्षेत्र के एक गांव में पति का गला रेतकर हत्या की कोशिश की आरोपी महिला और उसके प्रेमी अंकित को उरुवा पुलिस ने सोमवार को जेल भिजवा दिया। दोनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बड़े नए चाकू को गांव के खेत के पास झाड़ी से बरामद किया है। साथ ही प्रेमी की बाइक भी जब्त की है। बाइक से वह प्रेमिका से मिलने आया था।
घटना रविवार अपराह्न तीन बजे की है। गांव निवासी महिला ने अपने प्रेमी, गोला थाना के डिघवा निवासी अंकित को घर पर बुलाया और उसके साथ मिलकर पति को रस्सी से बांधकर बड़े नए चाकू से गला रेतकर मारने की कोशिश की। युवक की चीख सुनकर पड़ोसियों ने उसकी जान बचाई और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पहले जिला अस्पताल और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अब उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय घर में युवक की पत्नी थी। घर खाली देख युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी को बुला लिया। थोड़ी देर बाद जब युवक घर पहुंचा तो दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर नाराज हो गया। विरोध पर महिला और उसके प्रेमी ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया और नए चाकू से गला रेतकर हत्या की कोशिश की। चीख पुकार पर दोनों ने चाकू को घर से थोड़ी दूर खेत में फेंक दिया था।बताया जाता है कि प्रेम प्रसंग को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होता रहता था। उरुवा थाना श्याम देव चौधरी ने बताया कि महिला और उसके प्रेमी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे दोनों को जेल भेज दिया गया।