गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति बुधवार दोपहर में थाने पहुंचकर बोला कि मैंने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए। हत्या की पीछे की वजह उसने पत्नी का किसी अन्य युवक से संबंध होना बताया। उसकी बात पर पुलिस को यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब घर जाकर जांच की तो मामला सही निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, एक शख्स किराने की दुकान चलाता है। बच्चों को ऑटो से स्कूल छोड़ने और लेकर आने का काम भी करता है। इस व्यक्ति को संदेह था कि उसकी पत्नी का किसी युवक से संबंध है। जब वह घर से निकल जाता है तो आरोपी युवक घर में आता है। इसी संदेह पर पति-पत्नी में बुधवार को झगड़ा हुआ। बात इतनी बढ़ी कि पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के वक्त दंपती के दोनों बच्चे घर पर नहीं थे। हत्या के बाद पति ने घर का दरवाजा बंद किया और थाने पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम के बारे में बताया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आसपास के कुछ लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आए दिन मारपीट होती थी।
कई बार लोगों ने बीच बचाव किया था, लेकिन पति के मन से पत्नी के अनैतिक संबंध की बात नहीं निकल पाई। बताया गया कि बुधवार को पति ने युवक को अपने घर के पास देख लिया था। इसके बाद पति पत्नी में झगड़ा हुआ और पति ने गला दबाकर पत्नी की जान ले ली।