दिवाली से ई-टिकट कराते समय वेबसाइट पर साथ ही साथ होटल बुक कराने का विकल्प भी उपलब्ध होगा। गोरखपुर में यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आईआरसीटीसी तीन वीआईपी होटलों से करार कर रहा है। दूसरे चरण में छोटे होटलों को बुक कराने की सुविधा भी मिलने लगेगी। स्टेशन से होटल तक जाने के लिए टैक्सी भी ऑनलाइन बुक हो जाएगी।
आईआरसीटीसी के गोरखपुर स्टेशन इंचार्ज संजीव गुप्ता ने बताया कि शहर में होटल क्लार्क इन ग्रैंड और एडी मॉल स्थित निरवाना सरोवर पोर्टिका से अनुबंध की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। होटल रेडिशन ब्लू से वार्ता अंतिम दौर में है। इस सुविधा के लिए आईआरसीटीसी देश के सभी बड़े शहरों में होटलों से अनुबंध कर रही है। अनुबंध तीन साल का होगा।
यह सुविधा देने के लिए आईआरसीटीसी होटलों से 10 से 12 प्रतिशत कमीशन लेगी। जो सालाना देय होगा। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि गोरखपुर में तीन होटलों से अनुबंध किया जा रहा है। इसके बाद छोटे होटलों को भी जोड़ेंगे ताकि हर वर्ग के यात्रियों को सुविधाएं मिल सकें।