गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) के तत्वावधान में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में आयोजित 73वीं अखिल भारतीय रेलवे (पुरुष) कबड्डी चैंपियनशिप के तीसरे दिन शुक्रवार को राेमांचक मुकाबले खेले गए। मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण पश्चिम रेलवे को 13-05 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में मेजबान एनईआर की ओर से कप्तान सुनील कुमार के नेतृत्व में प्रवेश, रोहित, आकाश, आशीष और सुरेन्द्र ने उत्कृष्ट खेल दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में दक्षिण पूर्व रेलवे ने आरपीएफ को 28-15 से, उत्तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड को 38-10 और उत्तर पश्चिम रेलवे को 31-13 से हराया। मध्य रेलवे ने उत्तर मध्य रेलवे को 10-07 से, इंटीग्रल कोच फैक्टरी ने पूर्व मध्य रेलवे को 42-28 से, पश्चिम रेलवे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 57-46 से, पूर्व रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे को 37-31 से और रेल पहिया कारखाना ने पटियाला रेल इंजन कारखाना को 28-16 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई नामचीन कबड्डी खिलाड़ी विभिन्न रेलवे जोनों और उत्पादन इकाइयों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें उत्तर रेलवे के अर्जुन अवार्डी संजीव कुमार, पूर्व रेलवे के विश्वजीत पालित और दक्षिण पश्चिम रेलवे की बी. तेजस्विनी बाई शामिल हैं।