इसी अस्पताल के प्रबंधक पर फायरिंग हुई है
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नगर के मुख्य द्वार अंबेडकर चौराहे पर मौजूद एक निजी अस्पताल के प्रबंधक पर चार पहिया सवार बदमाशों ने फायर झोंक दिया। घटना शुक्रवार की रात करीब 11 बजे की है। इसमें प्रबंधक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद एडवोकेट हाइकोर्ट लिखी चार पहिया वाहन में सवार चारों बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस सीसी फुटेज खंगालते हुए बदमाशों के बारे में जानकारी ले रही है। इधर, पूर्व में भी रंगदारी की मांग को ले अस्पताल के संचालक व तैनात एक डॉक्टर को धमकी मिल चुकी है। पुलिस को दी गई तहरीर में प्रबंधक मनोज तिवारी ने कहा है कि मैं शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे हास्पिटल से राउंड लेकर अपने किराए के कमरे पर स्कूटी से जा रहा था।
अभी मैं अंबेडकर चौराहे के पास पहुंचा ही था कि एक सफेद रंग की यूको स्पोर्टस कार जिस पर एडवोकेट हाईकोर्ट लिखा था, मेरा पीछा करने लगी। जब मैं बाईपास रोड स्थित सत्कार होटल के आगे बढ़ा तो उस कार में बैठे चार लोग मुझे ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किए, जब मैं नहीं रूका तो कार सवार बदमाशों ने असलहा निकाल जान से मारने की नियत से फायर झोंक दिया।
मैं जान बचाने के लिए तेज गति से भागा तो उन लोगों ने भी अपनी गति तेज कर दी। मैं जनसेवा हॉस्पिटल गली में घुसकर किसी तरह अपनी जान बचाई। कोतवाल चंद्रभान सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रास्ते में जगह-जगह लगी सीसीटीवी खंगाला जा रहा है। वाहन को ट्रेस कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
पूर्व में अस्पताल के संचालक व चिकित्सक को मिल चुकी है धमकी
दुर्गावती हास्पिटल के संचालक सर्जन डॉ. मनोज यादव व उनके हास्पिटल पर कार्यरत डॉ. रोली पुरवार को पूर्व में धमकी मिल चुकी है। करीब दो वर्ष पूर्व दोनों से धमकी देकर रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद डॉ. मनोज यादव को पुलिस की तरफ से सुरक्षा भी महुैया हुई थी।
प्रबंधक पर फायरिंग की घटना के बाद डॉ. मनोज ने कहा कि अगर अस्पताल के चिकित्सक व प्रबंधक सुरक्षित नहीं हैं तो वह मरीज की सेवा कैसे करेंगे। इस घटना के बाद अस्पताल संचालकों में रोष व्याप्त है।