पिछली तिमाही तक होम लोन देने में निजी बैंक आगे, दूसरे नंबर पर एसबीआई
घर बनवाने की बजाए लोन की रकम से 75 प्रतिशत ले रहे फ्लैट
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। आरबीआई ने दिसंबर में सभी तरह के लोन के ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत कटौती कर दी है। इससे होम लोन लेने के लिए बैंकों में आवेदन बढ़ गए हैं। होम लोन से सबसे अधिक फ्लैट लेने वाले हैं। लोग जमीन खरीदकर घर बनवाने की बजाए सीधे फ्लैट लेना चाह रहे हैं। पिछली तिमाही की रिपोर्ट के अनुसार, होम लोन देने में एक निजी बैंक आगे रहा जबकि एसबीआई दूसरे स्थान पर है।
बैंक से कम ब्याज दर पर लोन लेकर घर बनवाने का सपना अधिकांश लोगों का होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले महीने 15 दिसंबर को आरबीआई ने सभी बैंकों के होम लोन में 0.25 प्रतिशत ब्याज दर में कटौती कर दी। पहले 8.15 प्रतिशत पर होम लोन मिलता था, जो अब 7.90 हो गया है। इसका असर यह हुआ कि लगभग सभी बैंकों में होम लोन लेने के लिए आवेदनों की संख्या बढ़ गई है।
फिलहाल वर्तमान तिमाही की रिपोर्ट नहीं आई है लेकिन बैंकों के अनुसार पहले से ज्यादा अब आवेदन आ रहे हैं। मानकों की जांच कर सभी को होम लोन दिया जा रहा है।
पिछली बार आए 1642 आवेदन, इस बार 15 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान
बैंकों की पिछली तिमाही (सितंबर) तक होम लोन के लिए 1642 आवेदन आए। इसमें लगभग सभी को लोन दिया गया। अब अगली तिमाही की रिपोर्ट जनवरी में आनी है। बैंक के अनुसार, पिछली तिमाही तक सबसे अधिक होम लोन देने में एक निजी बैंक आगे रहा। निजी बैंक ने 654 लोगों को होम लोन दिया। एसबीआई दूसरे नंबर पर रहा। एसबीआई ने 137 लोगों को लोन दिए। हालांकि बैंक प्रबंधन जनवरी में आने वाली तिमाही रिपोर्ट में आवेदन की संख्या में 15 प्रतिशत वृद्धि की संभावना जता रहे है।
होम लोन देने के लिए घरों तक पहुंच रहे बैंककर्मी
बैंकों के अनुसार, कम ब्याज दर के चलते जिस तरह से आवेदन बढ़े हैं, बैंक कर्मी घर तक पहुंचकर होम लोन दे रहे हैं। इसमें सामने आया कि सबसे अधिक लोग फ्लैट खरीदना चाहते हैं। इसमें सबसे अधिक 75 प्रतिशत लोग फ्लैट लेना चाहते हैं। बैंक के मुताबिक, लोगों का कहना है कि जमीन खरीदकर घर बनवाना काफी महंगा पड़ रहा है। लोन भी काफी अधिक लेना पड़ेगा। जबकि फ्लैट लेने के लिए एक बार होम लेना होगा और सीधे उसमें शिफ्ट हो जाएंगे।
पर्सनल लोन लेने वालों को भी मिली राहत
ब्याज दर घटने से पर्सनल लोन लेने वालों भी राहत मिली है। हालांकि पर्सनल लोन में बैंकों का ब्याज दर अलग-अलग रहता है। इसके बाद भी लोगों को राहत मिली है। बैंकों का कहना है कि आकर्षक ब्याज दर के चलते ही फिलहाल आवेदन बढ़ रहे हैं। उम्मीद जताई कि मार्च तक लोन देने का रिकॉर्ड भी बन सकता है।
वर्जन
आरबीआई ने ब्याज दर में कमी की तो होम लोन, पर्सनल लोन और कार लोन आदि के आवेदन काफी बढ़ गए हैं। होम लोन के आवेदकों में सबसे अधिक फ्लैट लेने वाले लोग शामिल हैं। होम लोन लेने में किसी को कोई परेशानी हैं। लोगों को सिर्फ बैंक के मानक पर खरा उतरना है।
-मनोज श्रीवास्तव, लीड बैंक मैनेजर, एसबीआई