हिस्ट्रीशीटर आशीष प्रजापति उर्फ छोटू पर उसके गनर ने ही जालसाजी का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उसने जमीन के नाम पर पांच लाख रुपये अपने खाते में लिए थे, लेकिन न जमीन दी और न ही रुपये वापस कर रहा है। पुलिस ने गनर दयाशंकर पटेल की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर ली है। गुलरिहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में कैंपियरगंज थाने पर तैनात पुलिस कांस्टेबल दयाशंकर पटेल वर्ष 2020 से तीन वर्षों तक गुलरिहा थाने पर तैनात रहा। इसी दौरान गुलरिहा थाने के हिस्ट्रीशीटर व गुंडा एक्ट के आरोपी आशीष प्रजापति उर्फ छोटू निवासी झुंगिया बाजार पर जानलेवा हमला हुआ था। पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और मुठभेड़ में एक बदमाश को मार गिराया गया था, लेकिन आशीष को पुलिस सुरक्षा मिल गई।
जमीन दिलाने के नाम पर आशीष प्रजापति उर्फ छोटू और जंगल धूषण थाना पिपराइच निवासी शैलेष चौहान ने गनर के रूप में तैनात दयाशंकर पटेल से खाते में पांच लाख रुपये ले लिए। अब ना तो रुपये लौटा रहे हैं और ना ही जमीन दे रहा है। कांस्टेबल की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।