गोरखपुर। थाना क्षेत्र के हरदिया में देवी स्थान पर पूजा करने गए शिवाकांत मिश्रा को वहां जुआ खेल रहे लोगों को मना करना भारी पड़ गया। आठ दिन बाद जुआ संचालक संग थाने के हिस्ट्रीशीटर ने शिवाकांत को जान से मारने की धमकी देते हुए रायफल तान ली। पीड़ित ने तत्काल इसकी शिकायत गीडा थाने पर की। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और जुआ संचालक पर केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर एनकाउंटर में ढेर हो चुके माफिया विनोद उपाध्याय गैंग का सदस्य है।
गीडा थाना क्षेत्र के हरदिया निवासी शिवाकांत मिश्र का आरोप है कि 20 जून को गांव के देवी स्थान पर पूजा पाठ करने गए थे। वहीं पर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। उन्होंने वहां जुआ खेलने से मना किया। नाराज होकर रामगढ़ताल थाने का हिस्ट्रीशीटर और जुआ संचालित करने वाला युवक गाली देने लगे। इसके बाद रायफल लेकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अजय, राज कुमार और अमन पर धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।