गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र में स्थित आरव होटल के संचालक रिंकू गुप्ता से मारपीट कर 3200 रुपये लूटने वाले आरोपी हिस्ट्रीशीटर निर्मोही को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटना आठ मार्च की रात की है। पीड़ित रिंकू गुप्ता मूलरूप से चिलुआताल थाना क्षेत्र के सिक्टौर बाजार के निवासी हैं। रविवार की रात होटल से घर लौटते समय रामपुर नयागांव के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर निर्मोही ने उन पर हमला किया। आरोपी ने उन्हें धक्का देकर गिराया और जान से मारने की धमकी देकर रुपये छीन लिए। सीओ गोरखनाथ, रवि कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और देर रात उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूट की रकम भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार, निर्मोही के खिलाफ आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी और अन्य अपराधों में 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह अक्सर राहगीरों को धमकाकर या मारपीट कर पैसे छीनने की घटनाओं में शामिल रहता था।